Latest News / ताज़ातरीन खबरें

#आजमगढ़ : फरिहां बाजार सड़क हादसे में युवक की मौत, दफन शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

आजमगढ़ के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत फरिहां बाजार में शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में घायल युवक की मौत के बाद दफन किए गए शव को प्रशासन ने कब्रिस्तान से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे फरिहां बाजार में एक बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार Mahindra Thar ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार शमशाद उर्फ गुड्डू उम्र लगभग 50 वर्ष पुत्र फरियाद गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही शमशाद की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौता हो गया था, जिसके बाद परिजनों ने अपने रीति-रिवाज के अनुसार शव को गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया।

बाद में मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को होने पर डीएम के आदेश पर रविवार दोपहर लगभग 1 बजे कई थानों की पुलिस फोर्स और निजामाबाद नायब तहसीलदार की मौजूदगी में फरिहां गांव स्थित कब्रिस्तान से शव को बाहर निकलवाया गया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस आजमगढ़ भेज दिया गया।

इस संबंध में नायब तहसीलदार ने बताया कि परिजनों की सहमति से शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh