कादीपुर प्रशासन की सख्ती, अवैध पटाखों पर चला प्रशासन का डंडा
•एसडीएम उत्तम कुमार तिवारी व सीओ विनय गौतम के निर्देशन में कई बाजारों में छापेमारी, दो स्थानों से बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद
कादीपुर ( सुलतानपुर ) । दीपावली पर्व को देखते हुए बुधवार को कादीपुर तहसील प्रशासन ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी उत्तम कुमार तिवारी एवं पुलिस उपाधीक्षक विनय गौतम के निर्देशन में नायब तहसीलदार दोस्तपुर प्रदीप मिश्रा तथा कादीपुर अनिल सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में पटाखों की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोस्तपुर, बेलवार और अखंड नगर बाजार समेत कई स्थानों पर छापेमारी की गई। टीम को कई दुकानों और घरों में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करते हुए पाया गया। बेलवार बाजार में असलम पुत्र मंजूर के घर से 15 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद हुए, वहीं अखंड नगर बाजार में रोहित अग्रहरि पुत्र रामचंद्र अग्रहरि की कपड़े की दुकान से 23 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए गए।
प्रशासन ने दोनों ही मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री करना कानूनन अपराध है तथा ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपजिलाधिकारी उत्तम कुमार तिवारी ने कहा, “बिना लाइसेंस के पटाखों का भंडारण या बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।”
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत दुकानों से ही पटाखे खरीदें और सुरक्षा नियमों का पालन करें ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।






















































Leave a comment