Latest News / ताज़ातरीन खबरें

मानसिक स्वास्थ्य व तंबाकू मुक्त समाज पर संयुक्त गोष्ठी, युवाओं में जागरूकता का संदेश

आजमगढ़। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस (10 अक्टूबर) एवं तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 (9 अक्टूबर से 7 दिसंबर तक) के अवसर पर एएनएमटीसी सेंटर स्थित विवेकानंद सभागार में एक संयुक्त गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अंकित कुमार वर्मा तथा अध्यक्षता कर रहे मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने दीप प्रज्वलन कर किया।

मुख्य अतिथि अंकित कुमार वर्मा ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य और तंबाकू सेवन दोनों आज की युवा पीढ़ी के लिए गंभीर चुनौती हैं। डिजिटल तनाव और अत्यधिक सूचनाएँ अवसाद का कारण बनती जा रही हैं, जबकि तंबाकू उत्पाद युवाओं को गंभीर बीमारियों की ओर धकेल रहे हैं। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तंबाकू से दूरी बनाने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि तेजी से बदलती जीवनशैली, अनियमित दिनचर्या और प्रतिस्पर्धा के दबाव से मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित भोजन और सकारात्मक सोच से मानसिक रोगों एवं नशे जैसी बुराइयों से बचा जा सकता है। साथ ही उन्होंने बताया कि टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 या 1800-891-4416 पर मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के लिए निःशुल्क व गोपनीय परामर्श उपलब्ध है।

इस दौरान अंकित कुमार वर्मा ने उपस्थित जनों को तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। क्षेत्रीय समन्वयक दिलीप पांडेय ने तंबाकू मुक्त युवा अभियान के प्रयासों पर स्लाइड शो के माध्यम से जानकारी दी।


मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमित सिंह ने मानसिक तनाव के लक्षणों और उपचार पर चर्चा की, वहीं दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. नवीन वर्मा ने तंबाकू से होने वाले ओरल कैंसर के खतरों पर विस्तार से जानकारी दी।
सौरभ कुमार ने टेली-मानस हेल्पलाइन के संचालन की जानकारी दी और जनसामान्य से इसके लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए. अजीज, उप मुख्य चिकित्साधिकारी/नोडल एनसीडी डॉ. आलेन्द्र कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उमा शरण पांडेय, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अविनाश झा, क्लिनिकल मनोवैज्ञानिक नेहा यादव, यूनिसेफ समन्वयक गयासुद्दीन, एएनएमटीसी की प्रधानाचार्य एवं एनसीडी सेल प्रभारी दिलीप कुमार मौर्य, चंद्रप्रकाश सिंह तथा एएनएमटीसी की छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी प्रचार-प्रसार मनीष तिवारी ने किया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh