Latest News / ताज़ातरीन खबरें

विवि की फ्रेशर पार्टी पर बवाल: राज्यपाल के कार्यक्रम वाले मंच पर भोजपुरी ठुमके, वीडियो वायरल

आजमगढ़। सात अक्तूबर को महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने महराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संस्कार और अनुशासन का पाठ पढ़ाया था। लेकिन कुछ ही घंटों बाद उन्हीं विद्यार्थियों ने उसी मंच पर भोजपुरी गीतों पर जमकर ठुमके लगाए। राज्यपाल के कार्यक्रम वाले मंच पर बैनर और पोस्टर हटाए बिना हुई इस फ्रेशर पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का कार्यक्रम समाप्त हुआ। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कार्यालय परिसर में भोजन आदि की व्यवस्था की गई थी। भोजन के उपरांत जब अतिथि और कर्मचारी परिसर से चले गए, तो उसी मंच पर छात्रों की फ्रेशर पार्टी शुरू हो गई। इस दौरान छात्रों ने राज्यपाल के पोस्टर और बैनर हटाए बिना ही भोजपुरी गीतों पर नृत्य किया।

मंच से लेकर नीचे तक छात्रों के ठुमकों का सिलसिला चलता रहा, जबकि विवि प्रशासन सब कुछ देखते हुए भी मौन बना रहा। न तो किसी अधिकारी ने मंच से राज्यपाल की होर्डिंग हटवाई, न ही किसी ने छात्रों को रोका। यह वीडियो वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जब इस संबंध में जिम्मेदारों से प्रतिक्रिया मांगी गई तो कुलपति प्रो. संजीव कुमार उस समय छुट्टी पर थे। कुलसचिव ने मीडिया प्रभारी से संपर्क करने को कहा, जबकि मीडिया प्रभारी ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

हालांकि बाद में कुलपति प्रो. संजीव कुमार का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि यह फ्रेशर पार्टी थी। हम किसी को मना नहीं कर सकते कि वह किसी लेटेस्ट गाने पर डांस न करे। इसमें कोई अनुशासनहीनता नहीं थी, छात्रों ने उत्सव के माहौल में कार्यक्रम किया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh