Latest News / ताज़ातरीन खबरें

होटल के कमरे से अचानक चीखते निकली लड़की फोन कर भाई को बुलाया; सड़क पर मचा हंगामा

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में ट्रांस यमुना क्षेत्र के 80 फुटा मार्ग पर शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक होटल के कमरे से एक युवती चीखते हुए बाहर निकली। युवती ने आरोप लगाया कि एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। घटना के बाद युवती ने अपने भाई को फोन कर बुलाया और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी युवक बंटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खंदौली क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली युवती शनिवार शाम दवा लेने के लिए डॉक्टर के पास जा रही थी। रास्ते में उसे बंटी नाम का युवक मिला, जो पहले से उसका परिचित था और उसके घर में किराएदार रह चुका था। युवती का आरोप है कि बंटी ने उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठाया और बहाने से ट्रांस यमुना के एक होटल में ले गया। होटल के कमरे में पहुंचते ही बंटी ने दरवाजा बंद कर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं।
युवती ने बताया कि उसने बंटी का विरोध किया और उसे ऐसा न करने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद युवती ने हिम्मत दिखाते हुए बंटी को धक्का देकर कमरे से बाहर निकल गई। सड़क पर चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। युवती ने तुरंत अपने भाई को फोन किया और फिर थाने पहुंचकर तहरीर दी।
ट्रांस यमुना थाने के एसओ रोहित कुमार ने बताया कि आरोपी बंटी और पीड़िता पहले से परिचित थे। बंटी ने कोचिंग के बाहर युवती को देखकर उसे बाइक पर बैठाया और होटल ले गया, जहां उसने छेड़छाड़ की कोशिश की। पुलिस ने युवती की शिकायत पर बंटी के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी है। एसओ ने दावा किया कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh