Latest News / ताज़ातरीन खबरें

लखनऊ: स्विमिंग पूल में डूबने से क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर की मौत, विभाग में मचा हड़कंप

लखनऊ में गुरुवार को हुई एक घटना ने पुलिस महकमे को झकझोर दिया। क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी की 35वीं बटालियन पीएसी के स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नहाते समय हादसा हुआ और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पिछले साल सस्पेंड हुए थे
मृत इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी मूल रूप से अंबेडकरनगर के निवासी थे। बीते साल अक्टूबर में चिनहट थाने में उनकी तैनाती के दौरान हुई एक कस्टोडियल डेथ के मामले में उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था। उस समय हिरासत में मोहित पांडे नामक युवक की मौत हो गई थी, जिसके बाद इंस्पेक्टर सहित तीन पर एफआईआर दर्ज हुई थी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी बाहरी चोट की पुष्टि नहीं हुई थी।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
जैसे ही हादसे की सूचना पुलिस विभाग तक पहुंची, अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जॉइंट सीपी लॉ एंड ऑर्डर, एडीसीपी क्राइम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्विमिंग पूल में सर्च ऑपरेशन चलाया और शव को बाहर निकाला। फिलहाल इस पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh