Latest News / ताज़ातरीन खबरें

14 थानों में छात्राओं ने संभाली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी जागरूकता और संवाद के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाने का प्रयास

आजमगढ़। मिशन शक्ति 5.0 के तहत जनपद आजमगढ़ के 14 थानों कोतवाली, सिधारी, महिला थाना, मुबारकपुर, बिलरियागंज, जीयनपुर, महराजगंज, रौनापार, अतरौलिया, कप्तानगंज, बरदह, फुलपूर, सरायमीर और तहबरपुर में स्कूली छात्राओं को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनाया गया। यह पहल शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन, उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है।
मिशन शक्ति 5.0 के तहत जनपद के थानों द्वारा स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जहानागंज, मुबारकपुर, गम्भीरपुर, निजामाबाद, सरायमीर और रानी की सराय थानों में मिशन शक्ति केंद्रों पर महिलाओं और बालिकाओं के साथ संवाद स्थापित किया गया। महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों और पंचायत भवनों में चौपाल लगाकर सरकारी योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, महिला अपराध से संबंधित कानूनों और साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता फैलाई। इसके साथ ही पम्फलेट वितरित किए गए और फुट पेट्रोलिंग के दौरान लोगों से संवाद किया गया। चिन्हित हॉट-स्पॉट स्थलों पर एंटी रोमियो टीमों ने सघन चेकिंग भी की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण)/नोडल अधिकारी मिशन शक्ति चिराग जैन तथा क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। मिशन शक्ति का यह विशेष अभियान, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 20 सितम्बर को शारदीय नवरात्रि के शुभ अवसर पर शुरू किया, महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के लिए समर्पित है।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh