Latest News / ताज़ातरीन खबरें

देवलास में किया गया महाराणा प्रताप की कांस्य प्रतिमा हेतु भूमिपूजन

•यहां एकलिंग भगवान की मूर्ति, चबूतरा व हॉल का होगा निर्माण
•श्रद्धांजलि सभा में याद किये गये सिसोदिया संघ के संरक्षक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह
•देवलास के सभी समाज के मंदिरों का होगा जीर्णोद्धार : स्वदेश सिंह

देवलास, मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के प्रख्यात धार्मिक, पौराणिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक व सामाजिक स्थल देवलास की पुण्य भूमि पर महाराणा प्रताप की चेतक पर सवार कांस्य प्रतिमा हेतु रविवार को भव्य भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही सिसोदिया संघ व अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के संरक्षक व डीसीएसके पीजी कॉलेज मऊ के प्रथम अध्यक्ष रहे स्वर्गीय प्रहलाद सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें याद किया गया।
इटौरा चौबेपुर निवासी पंडित वागीश दत्त चतुर्वेदी के वैदिक मंत्रों के मध्य आईपीएस अधिकारी अनिल सिंह सिसोदिया, जिम्स ग्रेटर नोएडा के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह रौशन, कैलिफोर्निया में कार्यरत रवि सिंह, सिसोदिया संघ के अध्यक्ष आरपी सिंह व महामंत्री भीष्मदेव सिंह ने अपने हाथों से भूमिपूजन कर ईंट रखा।
भूमिपूजन के बाद सिसोदिया संघ के संरक्षक  रहे हाल ही में दिवंगत हुए स्वर्गीय प्रहलाद सिंह की श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। इसमें बोलते हुए अनिल सिंह सिसोदिया ने कहा बाबू प्रहलाद सिंह का जाना हमारे समाज व जिले के लिए बहुत बड़ी क्षति है। वह एक बहुत मजबूत मार्गदर्शक व समाज के प्रहरी थे। आज पूरा जिला उनके जाने से मर्माहत है। हम समवेत रुप से सबकी तरफ से उन्हें भावपूर्ण नमन निवेदित करते हैं।
स्वदेश कुमार सिंह रौशन ने बताया कि यूपी सरकार व संस्कृति मंत्रालय की तरफ से यहां महाराणा प्रताप की कांस्य प्रतिमा लगनी है। इसके लिए यहां जल्दी ही एक बैठक हॉल व चबूतरे का निर्माण कराया जाएगा। उसी चबूतरे पर प्रतिमा स्थापित की जायेगी। इसी के साथ सिसोदिया वंश के कुलदेवता शिवजी के एक अंग एकलिंग भगवान की चौमुखी प्रतिमा की भी स्थापना की जायेगी। हम सबके प्रयासों से देवलास में स्थित सभी समाज के पुराने मंदिरों का जीर्णोद्धार कार्य भी कराया जायेगा ताकि यहां की पुरातन विरासत कायम रहे।
इस मौके पर विजय शंकर पांडेय, उमाशंकर सिंह दाढ़ी, अशोक सिंह, कृपानारायण सिंह, सुनील सिंह, चन्द्रविजय सिंह, राघवेंद्र सिंह माखन, गोपाल सिंह, अभिषेक सिंह, जगदम्बा सिंह, मोहम्मद आरिफ, अभिषेक यादव, अभय सिंह, अभिषेक सिंह, अरविंद सिंह, रमेश सिंह, आर्यन सिसोदिया, ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ड्यूक, रमाकांत सिंह आदि सैकड़ों गणमान्य मौजूद रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh