Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़: गुंजन हत्याकांड में गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, गुलशन गुप्ता गिरफ्तार

• अपहरण कर युवक की हत्या और शव छिपाने के मामले में पुलिस का एक्शन, गैंग लीडर प्रिन्स गुप्ता समेत दो के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में युवक गुंजन के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में गैंग के सदस्य गुलशन गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, कथित गैंग लीडर प्रिन्स गुप्ता और गुलशन गुप्ता के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना कप्तानगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 67/2024 में वादिनी प्रमिला प्रजापति के पुत्र गुंजन को घर से ले जाकर उसकी हत्या करने और शव छिपाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में शामिल आरोपियों की गतिविधियों को देखते हुए जिलाधिकारी आजमगढ़ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अनुमति के बाद गैंग लीडर प्रिन्स गुप्ता तथा गैंग सदस्य गुलशन गुप्ता के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की धारा 2(ख)(i)/3(1) के तहत मुकदमा संख्या 332/2026 दर्ज किया गया।

मुखबिर की सूचना पर ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर छाता का पूरा ओवरब्रिज के पास सुबह करीब 8:05 बजे गुलशन गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलशन गुप्ता (24 वर्ष), पुत्र सुरेन्द्र गुप्ता, निवासी कस्बा कप्तानगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया और जेल भेज दिया।

प्रिन्स गुप्ता बताया गया गैंग लीडर

पुलिस प्रेस विज्ञप्ति में प्रिन्स गुप्ता पुत्र लौटू गुप्ता निवासी कस्बा कप्तानगंज को गैंग का लीडर बताया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

इन पुलिसकर्मियों की रही गिरफ्तारी में भूमिका

गुलशन गुप्ता की गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शिवसागर यादव, कांस्टेबल सुधांशु सिंह, अप्पु कुमार, धर्मेन्द्र जायसवाल, कमल कुमार तथा महिला कांस्टेबल समीक्षा मौर्या शामिल रहीं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh