Crime News / आपराधिक ख़बरे

रामलीला मेला कमेटी के विवाद में खूनी संघर्ष, तीन लोगों की मौत, दो पक्षों के बीच विवाद के बाद रायफल से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ; मुख्य आरोपी सहित तीन हिरासत में

पीलीभीत। जिले के अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी को लेकर चल रहा विवाद सोमवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। रात करीब 9:30 बजे दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद एक पक्ष की ओर से रायफल से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोली लगने से 14 वर्षीय किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। घटना के बाद कस्बे में तनाव का माहौल बन गया। एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, अमरिया निवासी नरेश गुप्ता और कौशल गुप्ता के पक्ष के बीच रामलीला मेला कमेटी को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार रात दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष की ओर से रायफल से फायरिंग कर दी गई। इसमें नरेश गुप्ता के पुत्र अंकित गुप्ता (29), उनके बड़े पुत्र मोहित गुप्ता (31), प्रदीप गुप्ता के पुत्र रोष गुप्ता (22) और गुड्डू श्रीवास्तव के पुत्र कुनाल श्रीवास्तव (14) गोली लगने से घायल हो गए। घटना के समय कुनाल वहां टहल रहा था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां कुनाल और अंकित को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल मोहित को बेहतर उपचार के लिए बरेली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। घायल रोष गुप्ता का उपचार कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी के अनुसार, पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता सहित हर्षित गुप्ता और संतोष गुप्ता को हिरासत में लिया है। पुलिस ने संतोष गुप्ता के नाम पर पंजीकृत एक लाइसेंसी रायफल, एक अवैध देसी पिस्तौल और लकड़ी के डंडे भी बरामद किए हैं। पुलिस की वैज्ञानिक जांच टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद कस्बे और जिला अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh