केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर 5 से 21 जून तक चलेंगे जनकल्याण कार्यक्रम, प्रभारी मंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा
•गिरीश चंद्र यादव बोले- योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य, ग्राम चौपालों में शत-प्रतिशत पात्रों को मिले सरकारी योजनाओं का लाभ
सुलतानपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले जनकल्याणकारी एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवागत जनपद प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने की।
सुलतानपुर आगमन पर प्रभारी मंत्री को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन परिसर में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
समीक्षा बैठक में विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, सीताराम वर्मा, राजेश गौतम सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने 5 से 21 जून तक प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की।
प्रभारी मंत्री ने सभी नोडल अधिकारियों को कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास कर अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए। अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने को कहा गया।
बैठक को संबोधित करते हुए गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां देश में विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के नए अध्याय की प्रतीक हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही मुख्य वक्ताओं की सूची भी जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर तय की जाए।
प्रभारी मंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम प्लास्टिक मुक्त हों तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाए। प्राकृतिक खेती से जुड़े नवाचारों और सफल किसानों की कहानियों को वीडियो और अन्य आधुनिक माध्यमों से प्रदर्शित करने की भी बात कही।
ग्राम चौपालों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, ई-श्रम पंजीकरण, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और युवा उद्यमी योजना जैसी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल केवल औपचारिक बैठक न होकर जनसमस्याओं के समाधान और योजनाओं के संतृप्तिकरण का प्रभावी मंच बननी चाहिए।
बैठक में विशेष जनसंपर्क अभियान, स्वास्थ्य मेले, जनकल्याण शिविर, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन और मीडिया संवाद कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने सभी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनहित से जुड़े मुद्दों की समीक्षा के दौरान उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ओवरलोडेड ट्रांसफार्मरों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति और नए विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना के प्रस्तावों को प्राथमिकता देने को कहा।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने भरोसा दिलाया कि जनपद प्रशासन शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्यक्रमों का सफल और जनोन्मुखी आयोजन सुनिश्चित करेगा।

























































Leave a comment