Latest News / ताज़ातरीन खबरें

01 से 30 जून तक चलेगा पीएम स्वनिधि लोक कल्याण मेला, स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा ऋण और डिजिटल सशक्तिकरण का लाभ

आजमगढ़, 04 जून 2026। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत जनपद में 01 जून से 30 जून 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत स्वनिधि महोत्सव, लोक कल्याण मेला एवं स्वनिधि कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से फुटपाथ दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक एवं डिजिटल रूप से सशक्त बनाया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य योजना का दायरा बढ़ाते हुए अंतिम छोर पर खड़े स्ट्रीट वेंडर्स को मुख्यधारा से जोड़ना है। कार्यक्रमों के दौरान पात्र लाभार्थियों को ऋण एवं क्रेडिट कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही डिजिटल भुगतान, डिजिटल साक्षरता और केंद्र सरकार की आठ प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं से भी मौके पर ही जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा सेंसस टाउन स्तर पर विशेष स्वनिधि कैंप लगाए जाएंगे, जहां नए स्ट्रीट वेंडर्स की पहचान कर उन्हें पीएम स्वनिधि योजना में शामिल किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लाभार्थी योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
अतिरिक्त मजिस्ट्रेट द्वितीय एवं परियोजना अधिकारी संजय चावला ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी स्ट्रीट वेंडर्स 30 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान में अपने निकटतम नगर निकाय अथवा सेंसस टाउन में पहुंचकर योजना का लाभ उठा सकते हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh