Latest News / ताज़ातरीन खबरें

नशा मुक्ति केन्द्र में दो मरीजों की मौत मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

देवरिया। देवरिया के बेलडाड़ मोड़ स्थित अवतार नशा मुक्ति केन्द्र में भर्ती दो व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो और वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की छान बीन कर रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को ज्ञान प्रकाश कुशवाहा (38) निवासी सोनूघाट गोपालपुर, देवरिया तथा धीरेन्द्र गौड़ (29) निवासी महुआरी नवमुंडा, कुशीनगर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमों में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार सुरेश यादव के पुत्र ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पिता को 16 मई 2026 को अवतार नशा मुक्ति केन्द्र में भर्ती कराया गया था। 21 मई की रात केन्द्र से फोन कर उनकी तबीयत खराब होने की सूचना दी गई। मेडिकल कॉलेज ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में थाना कोतवाली पर धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
इसी प्रकार रितेश राव के परिजनों ने भी आरोप लगाया कि उन्हें 11 मई को केन्द्र में भर्ती कराया गया था। 25 मई को तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में भी धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
 इसी प्रकरण में एक अन्य आरोपी पंकज कुमार मिश्र को कोतवाली पुलिस पहले ही 31 मई को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh