जर्जर पोल पर चढ़े संविदाकर्मी लाइनमैन की पोल सहित गिरने से मौत, मुआवजे के आश्वासन पर खत्म हुआ जाम
घोसी।अमिला। घोसी कोतवाली क्षेत्र के टेसूपार विद्युत सबस्टेशन के पीछे बुधवार को 11 हजार वोल्ट की बंद लाइन उतरवाने के दौरान जर्जर पोल सहित संविदाकर्मी लाइनमैन की गिरने से मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर टेसूपार-अमिला मार्ग जाम कर दिया। करीब एक घंटे बाद विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता श्रीप्रकाश के नियमानुसार मुआवजे के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
टेसूपार निवासी संदीप यादव (34) पुत्र स्व. सूर्यनाथ यादव विद्युत विभाग में आउटसोर्सिंग संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार सबस्टेशन के पीछे ताल क्षेत्र में वर्षों पहले खींची गई 11 हजार वोल्ट की लाइन जर्जर होने के कारण लंबे समय से बंद थी। जेई के निर्देश पर लाइन उतरवाने का कार्य किया जा रहा था।
बताया जाता है कि संदीपयादव सबस्टेशन से चौथे पोल पर चढ़कर तार खोल रहे थे। इसी दौरान जर्जर पोल अचानक भरभराकर गिर पड़ा। उसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन आक्रोशित हो गए। बुधवार सुबह 10:55 बजे ग्रामीणों ने पूर्व प्रमुख डा सुजीत सिंह, राजेंद्र पांडेय आदि की उपस्थिति में शव सड़क पर रखकर टेसूपार-अमिला मार्ग जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर पहुंचे विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता घोसी श्रीप्रकाश ने विभाग के एवं एजेंसी के नियमानुसार मुआवजा देने की बात कही। इसके बाद दोपहर 11:50 बजे जाम समाप्त हुआ।
मृतक अपने पीछे पत्नी निशा, पुत्र दिब्यांशु (11) और पुत्री दिब्यां (8) को छोड़ गए हैं। घटना के बाद पत्नी निशा का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस की जानकारी होते ही पूर्व विधायक उमेश चंद्र पांडेय भी मौके पर पहुंच कर अधिकारियों से वार्ता कर मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की बात कही।



























































Leave a comment