आजमगढ़: बगहीडाड में नवनिर्मित बनकट पुलिस चौकी का उद्घाटन, गोरखपुर हाईवे पर बढ़ेगी सुरक्षा
आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बगहीडाड में मंगलवार को नवनिर्मित बनकट पुलिस चौकी का विधिवत उद्घाटन किया गया। गोरखपुर हाईवे पर स्थित इस नई चौकी के शुरू होने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
आजमगढ़ मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थापित इस पुलिस चौकी का उद्घाटन वैदिक मंत्रोच्चार और फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में एसपी सिटी मधुवन कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक एवं प्रभारी निरीक्षक शशि मौली पाण्डेय, चौकी प्रभारी सौरभ सिंह, ज्योतिषाचार्य पं० कृपामणि तिवारी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
एसपी सिटी ने कहा कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र में बनी इस नई पुलिस चौकी से आसपास के गांवों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने चौकी स्टाफ को जनता के साथ मित्रवत व्यवहार करने और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने बनकट पुलिस चौकी के निर्माण और उद्घाटन पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी राहत बताया।


















































Leave a comment