Latest News / ताज़ातरीन खबरें

तहसील घोसी के लेखपालों ने एसडीएम को सौंपा मांग पत्र, वेतन व मानसिक उत्पीड़न समेत कई समस्याएं उठाईं

घोसी।मऊ। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की तहसील घोसी इकाई ने एसडीएम अशोक कुमार सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपकर तहसील में कार्यरत लेखपालों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की है। संघ ने कहा कि समस्याओं के कारण लेखपालों को कार्य करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ द्वारा दिए गए पत्र में बताया गया कि लेखपालों के वेतन भुगतान में लगातार विलंब हो रहा है। विशेष रूप से मार्च माह का वेतन अभी तक कई लेखपालों को प्राप्त नहीं हुआ है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र से संबंधित कार्यों के लिए मिलने वाले देयों का भुगतान भी लंबित है।
लेखपाल संघ ने सेवा पुस्तिकाओं के नियमित रखरखाव एवं समय-समय पर अपडेट कराने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में कार्य के दौरान लेखपालों पर अनावश्यक दबाव और मानसिक उत्पीड़न को रोकने के लिए प्रशासन से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।
प्रार्थना पत्र में किसान रजिस्ट्री कार्य का भी उल्लेख किया गया है। संघ ने पंचायत सहायकों का सहयोग सुनिश्चित करने तथा उनके लिए प्राइवेट सर्वेयर आईडी बनवाने की मांग उठाई है, ताकि किसान रजिस्ट्री का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इसके अतिरिक्त लेखपाल शिवम श्रीवास्तव की मानव संपदा आईडी लेखपाल संवर्ग में ट्रांसफर न होने के कारण उनके वेतन भुगतान में आ रही बाधा को दूर करने की भी मांग की गई है।
अंत में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने एसडीएम अशोककुमारसिंह से सभी समस्याओं पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि समस्याओं के समाधान से लेखपाल सुचारू रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।
इस अवसर पर लेखपाल संघ के अध्यक्ष अरविंद कुमार पाण्डेय, महामंत्री सौरभ कुमार राय, योगेंद्र यादव जयप्रकाश यादव,  कमलेश यादव, अखिलेश कुमार, शरद चौधरी, आशीष वर्मा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh