देवरिया में ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान: 36 वाहनों का ई-चालान, नियम तोड़ने वालों पर कार्यवाही
देवरिया।सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से देवरिया यातायात पुलिस ने सोमवार को शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर यातायात प्रभारी श्री गुलाब सिंह के नेतृत्व में बस स्टैंड, कचहरी चौराहा, सुभाष चौक, गोरखपुर ओवरब्रिज और कसया ओवरब्रिज समेत कई स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई करते हुए कई वाहनों का चालान किया गया तथा कुछ वाहनों को सीज भी किया गया।
चेकिंग अभियान में बिना सीट बेल्ट चार पहिया वाहन चलाने वालों, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों तथा तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने वालों पर विशेष नजर रखी गई। इसके अलावा बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित ऑटो व ई-रिक्शा वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने नगर क्षेत्र में नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई करते हुए चालान किए। अभियान के दौरान कुल 36 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले 4 वाहनों के खिलाफ अतिरिक्त कार्रवाई की गई।

























































Leave a comment