Crime News / आपराधिक ख़बरे

जैयमाल के दौरान दुल्हन को मारी गोली पड़ोसी ने दिल ठुकराए जाने का बदला लेने के लिए चलाई गोली

बलिया। जनपद के सुरेमनपुर क्षेत्र से बक्सर गई एक बरात में उस समय हड़कंप मच गया, जब जयमाला की रस्म के दौरान 18 वर्षीय दुल्हन को उसके ही पड़ोसी युवक ने गोली मार दी। घटना उस वक्त हुई जब दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मौजूद थे और शादी की रस्में चल रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक फायरिंग की आवाज से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गोली दुल्हन के पेट में लगी। गंभीर रूप से घायल दुल्हन ने गिरने से पहले कथित रूप से आरोपी का नाम लिया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों के मुताबिक, आरोपी युवक दुल्हन का पड़ोसी है और शादी से नाराज था। बताया जा रहा है कि ठुकराए जाने के बाद उसने बदला लेने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग दुल्हन को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल वह वेंटिलेटर पर भर्ती है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। बक्सर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस घटना से न केवल दोनों परिवारों, बल्कि पूरे गांव में दहशत का माहौल है। लोग समाज में बढ़ती हिंसक घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh