Politics News / राजनीतिक समाचार

PM मोदी सरकार के विजन से मध्य प्रदेश बन रहा विकसित भारत की मजबूत नींव: अमित शाह

नई दिल्ली।पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को ग्वालियर में ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट’ का आयोजन किया गया। समिट का विषय था- ‘निवेश से रोजगार: अटल का संकल्प, उज्ज्वल मध्य प्रदेश।’

अमित शाह ने मध्य प्रदेश में 1,655 औद्योगिक इकाइयों का किया शिलान्यास 

इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश में 1,655 औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास किया। इन इकाइयों में 2 लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश प्रस्तावित है, जिससे करीब 2 लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। गृह मंत्री ने इसे अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन और राष्ट्र निर्माण के सपने को सच्ची श्रद्धांजलि बताया।

यह समिट अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मभूमि ग्वालियर में आयोजित

यह समिट अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मभूमि ग्वालियर में आयोजित की गई, जो आत्मनिर्भरता, विकास और समावेशी प्रगति को लेकर उनकी दूरदृष्टि को दर्शाती है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से मध्य प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब यह ‘विकसित भारत’ का एक मजबूत आधार बन रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप प्रदेश को निरंतर सहयोग देती रहेगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समिट का किया उद्घाटन 

इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समिट का उद्घाटन किया। इस दौरान निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र सौंपे गए, कई परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ और 10,000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास योजनाएं जनता को समर्पित की गईं।

ऊर्जा क्षेत्र में 60,000 करोड़ रुपए की तीन बड़ी परियोजनाएं होंगी शुरू 

ऊर्जा क्षेत्र में 60,000 करोड़ रुपए की तीन बड़ी परियोजनाएं शुरू होंगी, जिनसे 12,600 रोजगार सृजित होंगे। खनन क्षेत्र में 7,050 करोड़ रुपए की 13 परियोजनाओं से 9,505 लोगों को रोजगार मिलेगा। नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में 35,581 करोड़ रुपए के 496 प्रोजेक्ट्स से 5,535 रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

पर्यटन क्षेत्र में 386 करोड़ रुपए के दो प्रोजेक्ट्स से 2,700 मिलेंगे रोजगार 

पर्यटन क्षेत्र में 386 करोड़ रुपए के दो प्रोजेक्ट्स से 2,700 रोजगार मिलेंगे, जबकि स्वास्थ्य क्षेत्र में 240 करोड़ रुपए के निवेश से 240 नौकरियां सृजित होंगी। इसके अतिरिक्त 40 करोड़ रुपए स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर खर्च किए जाएंगे।

प्रदेश के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव

अमित शाह ने कहा कि क्षेत्रीय निवेश समितियों के माध्यम से मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने यह भी कहा कि मोहन यादव अपने प्रयासों से लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल की तेज विकास रफ्तार से भी आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं।

राज्य में उद्योगों का संतुलित विकास है जरूरी 

गृह मंत्री ने मध्य प्रदेश की भौगोलिक स्थिति को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राज्य में उद्योगों का संतुलित विकास जरूरी है। उन्होंने मालवा और ग्वालियर-चंबल क्षेत्रों में कपास उत्पादन का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि कपास आधारित उद्योग स्थानीय स्तर पर स्थापित किए जाएं, तो किसानों को बेहतर दाम मिलेंगे, आमदनी बढ़ेगी और परिवहन लागत में कमी आएगी। इससे दिल्ली और अन्य राज्यों के बाजारों से सीधा जुड़ाव भी मजबूत होगा। 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh