नदी किनारे चल रहा था जुए का खेल, पुलिस ने मारी दबिश, दो गिरफ्तार, दो अन्य फरार
•52 ताश के पत्ते और ₹5,700 नकद बरामद, मौके से दो आरोपी फरार तीन बाइक और स्कॉर्पियो सीज
आजमगढ़। थाना जहानागंज पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान छतउर गांव के भट्ठे से आगे नदी किनारे कथित रूप से चल रहे जुए के खेल का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर दो लोगों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से जुए में इस्तेमाल किए जा रहे 52 ताश के पत्ते और ₹5,700 नकद बरामद किए गए। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की रात उपनिरीक्षक विनय कुमार हमराह पुलिसकर्मियों के साथ सुहवल बाजार में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि छतउर गांव के भट्ठे से आगे नदी के पास कुछ लोग बैठकर जुआ खेल रहे हैं और तत्काल कार्रवाई करने पर उन्हें पकड़ा जा सकता है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके की ओर रवाना हुई।
घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोचा
एफआईआर के मुताबिक, पुलिस टीम ने नदी किनारे पेड़ों की झुरमुट के पास पहुंचकर जुए के खेल की आवाजें सुनीं। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी करते हुए मौके पर दबिश दी और रमेश कुमार यादव निवासी सरदरपुर, थाना बिरनो, गाजीपुर तथा बाबूलाल सरोज निवासी रसूलपुर, थाना रानीपुर, जनपद मऊ को पकड़ लिया। मौके पर फड़ की तलाशी लेने पर ₹5,700 नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, बरामद रकम में 500 रुपये के आठ नोट, 200 रुपये के चार नोट और 100 रुपये के नौ नोट शामिल थे।
दो नाम और सामने आए, पुलिस को देख भागे
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मौके पर रामानंद कुमार निवासी तियरा, थाना बिरनो, गाजीपुर और मनोज राजभर निवासी सरदरपुर, थाना बिरनो, गाजीपुर भी मौजूद थे। पुलिस के पहुंचने पर दोनों कथित रूप से आहट सुनकर मौके से भाग निकले। इसके अलावा मौके पर मिले तीन मोटरसाइकिलों और एक स्कॉर्पियो के कागजात मांगे जाने पर संबंधित लोग कागजात नहीं दिखा सके। पुलिस ने वाहनों को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।
धारा 13 जुआ अधिनियम में कार्रवाई
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर हिरासत में लिया। एफआईआर के अनुसार कार्रवाई के दौरान मानवाधिकार आयोग और उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन किए जाने का उल्लेख भी किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मुरारी यादव को सौंपी गई है।

























































Leave a comment