डीआरएम ऑफिस में डीआरएम ने किया ध्वजारोहण,80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया
मऊ।वाराणसी। रेलवे के वाराणसी मंडल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरी भव्यता एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ मंडल कला समिति द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की संगीतमय प्रस्तुति से हुआ। इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, वाराणसी में ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया।
समारोह में रेलवे सुरक्षा बल, मंडल कला समिति, पूर्वोत्तर रेलवे जूनियर हाई स्कूल तथा पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ वाराणसी की टुकड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा वाणी जैन एवं कार्यकारिणी की सदस्याएं, सभी शाखाधिकारी, यूनियन के पदाधिकारी तथा मंडल कार्यालय में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
परेड के निरीक्षण के पश्चात मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पूरे उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जा रहा है। यह अभियान हमें राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ता है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री के मार्गदर्शन में भारतीय रेलवे ने तकनीकी एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। वंदे भारत एवं अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें यात्रियों को सुविधाजनक एवं बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान कर रही हैं। ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ‘कवच’ जैसी स्वदेशी एंटी-कोलिजन तकनीक एवं अत्याधुनिक सिग्नलिंग प्रणालियों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। साथ ही, रेलवे के विद्युतीकरण से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिवहन को बढ़ावा मिल रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि वाराणसी मंडल ने भी पिछले एक वर्ष में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2026 में अब तक मंडल में 21.90 किलोमीटर रेलखंड का दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण पूर्ण किया गया है तथा 49.88 किलोमीटर ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग कार्य कमीशन किया गया है। बलिया सहित मंडल के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का विकास किया गया है।
उन्होंने बताया कि जुलाई 2026 तक मंडल में 2.09 करोड़ यात्रियों ने सुरक्षित यात्रा की, जिसके फलस्वरूप यात्री यातायात मद में ₹492.99 करोड़ की राजस्व आय प्राप्त हुई। यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 16.81 प्रतिशत अधिक है।
यात्री सुरक्षा के क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा इस वर्ष अब तक 85 बच्चों का रेस्क्यू कर उन्हें अधिकृत संस्था के माध्यम से उनके परिजनों को सौंपा गया। यात्रियों एवं रेल परिसरों की सुरक्षा तथा निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए मंडल के 71 स्टेशनों पर CCTV सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
ऊर्जा संरक्षण एवं तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में मंडल द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए श्री आशीष जैन ने बताया कि जुलाई 2026 तक मंडल में 17.17 लाख यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन किया गया, जिससे लगभग ₹1.13 करोड़ की राजस्व बचत हुई है।
मंडल स्तर पर कर्मचारी कल्याण एवं चिकित्सा सेवाओं को भी उच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मंडल चिकित्सालय, वाराणसी में 462 प्रमुख सर्जरियां सफलतापूर्वक सम्पन्न की गई हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में कुल 1,117 कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि वाराणसी मंडल की ये उपलब्धियां किसी एक व्यक्ति के प्रयास का परिणाम नहीं हैं, बल्कि सभी अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों के सामूहिक परिश्रम, समर्पण एवं टीम भावना का परिणाम हैं। उन्होंने सभी रेलकर्मियों को उनकी उत्कृष्ट कार्यक्षमता एवं योगदान के लिए बधाई दी तथा भविष्य में भी इसी उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मंडल कला समिति एवं पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ वाराणसी के बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित परेड में शामिल रेलवे सुरक्षा बल, स्काउट्स एवं गाइड्स तथा मंडल कला समिति की टुकड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत वाराणसी मंडल में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन द्वारा नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिनव कुमार सिंह द्वारा किया गया।
हिमांशु राव,मुख्यप्रचारनिरीक्षक,पूर्वोत्तररेलवे,वाराणसी ने दी।

























































Leave a comment