Politics News / राजनीतिक समाचार

घोसी से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह का निधन लखनऊ के वेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान ली अंतिम सांस

मऊ/लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और घोसी विधानसभा सीट से विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे 67 वर्ष के थे। उनके पुत्र डॉ. सुजीत सिंह ने पिता के निधन की पुष्टि की है। सुधाकर सिंह की तबीयत 17 नवंबर को दिल्ली में मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी के विवाह रिसेप्शन से लौटने के बाद अचानक बिगड़ गई थी। मंगलवार को उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ लाया गया था, जहां मेदांता अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही थी। गुरुवार तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली। सुधाकर सिंह उस चर्चित घोसी सीट से विधायक थे, जहां 2023 में हुए उपचुनाव में उन्होंने भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान को भारी मतों से हराया था। यह उपचुनाव तब हुआ था जब दारा सिंह चौहान ने सपा छोड़कर दोबारा भाजपा का दामन थाम लिया था। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी सुधाकर सिंह को सपा ने घोसी से टिकट दिया था, लेकिन अंतिम समय में टिकट काटकर दारा सिंह चौहान को दे दिया गया था। उस चुनाव में दारा सिंह ने सपा के टिकट पर जीत हासिल की थी। घोसी क्षेत्र में सुधाकर सिंह की गहरी पकड़ थी। मूल रूप से घोसी के रहने वाले सुधाकर सिंह लंबे समय से सक्रिय राजनीति में थे और क्षेत्र में अपनी लोकप्रियता के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है।सुधाकर सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। सपा नेतृत्व सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh