Latest News / ताज़ातरीन खबरें

अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन का शिकंजा, ट्रैक्टर-ट्रॉली व लोडर मशीन पकड़ी गई

•ग्राम मगरावा में चल रहा था अवैध खनन, नायब तहसीलदार और चौकी इंचार्ज की संयुक्त कार्रवाई; वाहन चौकी ले जाकर शुरू की गई विधिक कार्रवाई ।

कादीपुर, सुलतानपुर। क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम मगरावा में चल रहे खनन कार्य को मौके पर ही रुकवा दिया। नायब तहसीलदार अनिल सिंह एवं सूरापुर चौकी इंचार्ज की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा लोडर मशीन को कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के बाद  वाहनों को सूरापुर चौकी लाया गया, जहां उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार प्रशासन को ग्राम मगरावा में बिना अनुमति के लोडर मशीन के माध्यम से मिट्टी खनन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक ने नायब तहसीलदार अनिल सिंह को पुलिस टीम के साथ मौके पर भेजा। अधिकारियों को देखकर खनन कार्य में लगे लोगों में हड़कंप मच गया। टीम ने तत्काल खनन कार्य बंद कराया और मौके पर मौजूद ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा लोडर मशीन को अपने कब्जे में ले लिया।
अधिकारियों ने मौके पर खनन से संबंधित अभिलेखों और अनुमति पत्रों की जांच की, लेकिन आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद वाहनों को सूरापुर चौकी लाकर सीज करने एवं अन्य कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक ने स्पष्ट किया कि शासन की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का मिट्टी खनन पूरी तरह अवैध है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध खनन अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में लगातार मिल रही अवैध खनन की शिकायतों के बीच हुई इस कार्रवाई को प्रशासन की बड़ी सफलता माना जा रहा है। तहसील दार उमेश कुमार का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और अवैध खनन में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh