खाली पड़े घरों की रेकी कर करते थे चोरी चार को पुलिस ने किया गिरफ्तार
देवरिया। कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण के दो टुकड़े, 9,540 रुपये नकद और चोरी में प्रयुक्त लोहे का संबल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जितेंद्र निषाद निवासी भुजौली कालोनी, जयहिंद निषाद निवासी भुजौली कालोनी, शुभम विश्वकर्मा उर्फ बजरंगी निवासी देवरिया खास तथा नितेश गोड़ उर्फ गोलू निवासी मुजुरी खुर्द के रूप में हुई।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को कोतवाली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चीनी मिल ग्राउंड के पास ई-रिक्शा सवार चारों आरोपितों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने 19 अगस्त को उमानगर में एक मकान में चोरी की थी। इसके अलावा कुछ दिन पूर्व कैलाशपुरी में भी चोरी करने की बात स्वीकार की। उमानगर की घटना के संबंध में कोतवाली थाने में अनिल कुमार राय की तहरीर पर मुकदमा संख्या 569/2026, धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज था।
पुलिस के अनुसार आरोपित ई-रिक्शा से घूमकर खाली मकानों की रेकी करते थे और रात में मौका देखकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। चोरी से मिले रुपये आपस में बांट लेते थे, जबकि आभूषणों को गलाकर नेपाल में बेचने की बात सामने आई है।
पुलिस ने बरामद माल कब्जे में लेकर चारों आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।






















































Leave a comment