आजमगढ़: गाजियाबाद से आए RTO RI प्रमोद कुमार गौतम ने संभाला कार्यभार, जल्द शुरू होगा ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक
आजमगढ़। संभागीय परिवहन विभाग में लंबे समय से रिक्त चल रहे क्षेत्रीय निरीक्षक (RI) के पद पर गाजियाबाद से स्थानांतरित होकर आए प्रमोद कुमार गौतम ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। मूल रूप से देवरिया जनपद के निवासी प्रमोद कुमार गौतम के पदभार संभालने से विभागीय कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में RI प्रमोद कुमार गौतम ने कहा कि विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा तथा आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी। विभाग में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत और समस्या को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए प्रमोद कुमार गौतम ने वाहन चालकों से सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन की फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज हमेशा अद्यतन रखें। बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों के जीवन को भी जोखिम में डालने जैसा है।
उन्होंने कहा, “जीवन अमूल्य है, इसलिए सड़क पर वाहन चलाते समय सुरक्षा मानकों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।”
ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया को लेकर उन्होंने जानकारी दी कि आजमगढ़ में जल्द ही ADTT (ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक) की सुविधा शुरू की जाएगी। इसके लागू होने के बाद ड्राइविंग लाइसेंस निर्धारित मानकों और परीक्षण प्रक्रिया के आधार पर ही जारी किए जाएंगे। जो आवेदक आवश्यक मानकों पर खरे नहीं उतरेंगे, उन्हें लाइसेंस नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था से लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और केवल योग्य एवं प्रशिक्षित चालकों को ही ड्राइविंग लाइसेंस मिलेगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना है।
अंत में RI प्रमोद कुमार गौतम ने भरोसा दिलाया कि परिवहन विभाग आम जनता की सुविधा और सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा तथा नियमों के दायरे में रहकर हर संभव सहायता प्रदान करेगा। उनके कार्यभार ग्रहण करने पर विभागीय कर्मचारियों एवं परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।

















































Leave a comment