कारगिल शहीद रामसमुझ यादव की स्मृति में 26वां शहीद मेला आयोजित
•पूर्व सेनाध्यक्ष वेद प्रकाश मलिक बोले—भारतीय सेना के जवानों जैसा जज्बा दुनिया की किसी सेना में नहीं
आजमगढ़, 30 अगस्त 2026।सगड़ी क्षेत्र के नत्थूपुर अंजान स्थित शहीद पार्क में रविवार को 26वां कारगिल शहीद रामसमुझ यादव मेला एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ पूर्वांचल के 35 शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों में राष्ट्रभक्ति का जोश भर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद पार्क में स्थापित शहीद रामसमुझ यादव के विशाल चित्र पर अतिथियों द्वारा श्रद्धा-सुमन अर्पित करने से हुई। छात्रों ने देशभक्ति गीत, नाटक और कारगिल युद्ध पर आधारित प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में आए अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
‘भारतीय सेना जैसा जज्बा दुनिया की किसी सेना में नहीं’
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व थल सेनाध्यक्ष वेद प्रकाश मलिक ने भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को याद करते हुए कहा कि भारतीय सेना के जवानों में जो जज्बा है, वह दुनिया की किसी सेना में देखने को नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि देश के जवान हर चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं और उन्हीं के साहस के कारण देश सुरक्षित है।
उन्होंने कहा कि 13 कुमाऊं रेजिमेंट बेहद मजबूत और गौरवशाली रेजिमेंट है, जिसने 1962 में चीन के सामने अदम्य साहस का परिचय दिया था। कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों के बलिदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी भारतीय सैनिकों ने पीछे हटने के बजाय अंतिम सांस तक लड़ने का संकल्प दिखाया।
पूर्व सेनाध्यक्ष ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों और युवाओं में सेना के प्रति सम्मान एवं देशसेवा की भावना मजबूत होती है। शहीदों की वीरगाथाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
शहीद रामसमुझ यादव की स्मृति में बनेगा भव्य स्मारक
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सांसद धर्मेंद्र यादव ने शहीद रामसमुझ यादव को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश उनके बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि शहीद रामसमुझ यादव ने गंभीर परिस्थितियों में भी भारत माता की रक्षा के लिए अदम्य साहस दिखाया और ऊंची चोटी पर कब्जा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सांसद ने घोषणा की कि शहीद रामसमुझ यादव की स्मृति में पार्क में लाखों रुपये की लागत से स्मारक का निर्माण कराया जाएगा। यह स्मारक युवाओं को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देगा।
उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ लोग जिन परिस्थितियों में चैन से जीवन जी रहे हैं, उसके पीछे हमारे वीर सैनिकों और शहीद परिवारों का त्याग है। उन्होंने कहा कि तिरंगा शहीदों की कुर्बानी की बदौलत हमेशा ऊंचा रहा है और आगे भी ऊंचा रहेगा।
अग्निवीर योजना को लेकर सांसद ने साधा निशाना
सांसद धर्मेंद्र यादव ने अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह योजना सैनिकों के मनोबल को प्रभावित करने वाली है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त करने का निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सैनिकों और पैरामिलिट्री बलों की पुरानी पेंशन समेत अन्य मांगों पर भी सरकार बनने की स्थिति में विचार किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इस स्थान को ऐतिहासिक शहीद स्मारक के रूप में विकसित किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जमकर झूमे लोग
शहीद मेला केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहा। छात्रों की देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियों के बाद भोजपुरी कलाकारों ने भी शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किए। भोजपुरी गायक समर सिंह और खुशी कक्कड़ ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए, जिस पर मौजूद लोग जमकर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम का संचालन प्रदीप तिवारी ने किया।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री बलराम यादव, विधायक संग्राम सिंह यादव, विधायक बेचई सरोज, विधायक नफीस अहमद, सगड़ी विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल, भाजपा नेता मनीष तिवारी मिश्रा, पूर्व एमएलसी राकेश सिंह गुड्डू समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
शहीद रामसमुझ यादव के भाई प्रमोद कुमार यादव और पिता राजनाथ यादव ने कहा कि यह आयोजन देश के शहीद परिवारों को समर्पित है और क्षेत्रवासियों के सहयोग से आगे भी इसी तरह आयोजित होता रहेगा।






















































Leave a comment