आजमगढ़: PM श्री कंपोजिट विद्यालय सिकरौरा में DM का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने PM श्री कंपोजिट विद्यालय सिकरौरा का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्लासरूम, शिक्षकों एवं बच्चों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन (MDM), शौचालय, पेयजल तथा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से बातचीत की और उनकी शैक्षणिक जानकारी परखी। उन्होंने शिक्षकों को समय से विद्यालय पहुंचने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा।
DM ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि PM श्री योजना के निर्धारित मानकों के अनुरूप विद्यालय में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रहनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों की सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से विद्यालय प्रशासन एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों में सक्रियता बढ़ गई।






















































Leave a comment