कीचड़ एवं जल भराव की समस्या आमजन को हो रही असुविधा
देवरिया।देवरिया नगर पालिका परिषद वार्ड नंबर 28 क्षेत्र के रामनाथ देवरिया नियर चटनी गढ़ही सीसी रोड़ शिवपुरम कॉलोनी में जर्जर सड़क, जलभराव, कीचड़ और जलनिकासी की गंभीर समस्या को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्रा ने नगर पालिका प्रशासन, भाजपा सरकार और उसके स्वच्छ भारत अभियान पर तीखा सवाल उठाया है।
शुक्रवार को मोहल्ला निवासी आशुतोष मिश्रा के साथ जिलाधिकारी से मिलकर सामूहिक शिकायती पत्रक सौंपते हुए संजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि शिवपुरम कॉलोनी में स्थित 25 शैय्या राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय तक जाने वाला मार्ग बदहाल है। प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों के आने-जाने वाले इस रास्ते पर गहरे गड्ढे, कीचड़ और जलभराव की समस्या बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार एक ओर स्वच्छ भारत अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रही है,वही देवरिया शहर के शिवपुरम कॉलोनी की सड़कों पर फैला कीचड़,जलभराव एवं झाड़ कंजास सरकार तथा नगर पालिका के स्वच्छता के दावों की पोल खोल रहा है। सड़क पर कीचड़, बजबजाता पानी और जलभराव के कारण बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों तथा मरीजों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।
संजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि मोहल्ले की समस्या के संबंध में 16 मई 2026 को 38 मोहल्लावासियों के हस्ताक्षरयुक्त शिकायती पत्र नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा एवं संबंधित वार्ड सभासद को दिया गया था, लेकिन तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नगर पालिका प्रशासन ने समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
श्री मिश्रा ने सवाल किया कि जब भाजपा सरकार और नगर पालिका प्रशासन स्वच्छता, विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, तो आखिर शिवपुरम कॉलोनी के लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए दर-दर की ठोकरें क्यों खा रहे है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मोहल्ले में न तो पक्की सड़क है,न ही समुचित जलनिकासी की व्यवस्था है, न पक्की नाली और न ही पर्याप्त पथ प्रकाश है। जर्जर सड़क और जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को प्रतिदिन भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। यह स्थिति नगर पालिका की कार्यशैली और भाजपा सरकार के विकास के दावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
मोहल्ला निवासी आशुतोष मिश्रा ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासी समस्या के समाधान की मांग कर रहे है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन की उदासीनता के कारण स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
जिलाधिकारी से उक्त मार्ग पर आरसीसी सड़क, पक्की नाली, जलनिकासी एवं पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की गई। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
कांग्रेस प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और नगर पालिका की जिम्मेदारी है, कोई एहसान नहीं। यदि शीघ्र समस्या का समाधान नही हुआ तो कांग्रेस और मोहल्लावासी जनहित में आगे की लड़ाई लड़ने के लिए बाध्य होंगे।























































Leave a comment