Latest News / ताज़ातरीन खबरें

ब्रह्मभोज में बुलाकर शिवकुमार त्रिपाठी की तलवार से काटकर हत्या..! हत्यारोपी चार गिरफ्तार, जेल भेजे गए

गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव में पुरानी रंजिश को लेकर शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने ब्रह्मभोज में खाने के लिए बुलाने के बाद शिवकुमार का कथित रूप से अपहरण कर लिया और मसी विद्यालय के पीछे ले जाकर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपितों पर असलहा लहराकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ. कौस्तुभ (आईपीएस), पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी (पीपीएस) तथा क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर (पीपीएस) के निर्देशन में सिकरीगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक अंजुल कुमार चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 9 अगस्त 2026 को यह कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में आशुतोष चौधरी पुत्र प्रमोद चौधरी, उम्र करीब 18 वर्ष, विन्दनिवास चौधरी पुत्र स्व. छेदी चौधरी, उम्र करीब 44 वर्ष, तथा प्रकाश में आए आरोपित राहुल चौधरी पुत्र स्व. छेदी चौधरी, उम्र करीब 31 वर्ष और भानू चौधरी पुत्र स्व. छेदी चौधरी, उम्र करीब 37 वर्ष, सभी निवासी ग्राम अहिरौली खुर्द, थाना सिकरीगंज, जनपद गोरखपुर शामिल हैं।

धारदार हथियार से हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार मामले में पुरानी रंजिश को लेकर आरोपितों ने वादी के भाई शिवकुमार त्रिपाठी को ब्रह्मभोज में भोजन के लिए बुलाया था। आरोप है कि इसके बाद उन्हें हत्या की नीयत से अपने साथ ले जाकर मसी विद्यालय के पीछे ले जाया गया, जहां धारदार हथियार से उनके शरीर के विभिन्न अंगों पर हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपितों पर धारदार हथियार से गला काटकर हत्या करने तथा बाद में असलहा लहराते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

इस मामले में थाना सिकरीगंज में मु0अ0सं0 217/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 190, 191(2), 191(3), 140(2), 103(2), 117(4), 351(3) तथा आशुतोष चौधरी के विरुद्ध धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।

आशुतोष के पास से तलवार बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित आशुतोष चौधरी के कब्जे से एक तलवार बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपितों के अन्य आपराधिक इतिहास के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी

गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अंजुल कुमार चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक बैजनाथ बिन्द, दीपक कुमार और रामफेरन, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार आर्य, कांस्टेबल उपेन्द्र सिंह यादव, रघुबर बिन्द, ऋषि कुमार, ब्रिकेश यादव तथा कुलधन सिंह यादव शामिल रहे।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है और मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh