Latest News / ताज़ातरीन खबरें

हर घर तिरंगा अभियान में होंगे भव्य आयोजन, अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

 देवरिया । मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान-2026 के संबंध में मुख्य सचिव द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद में व्यापक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना से जोड़ना तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। अभियान के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रमवार जिम्मेदारियां एवं नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं।

           उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जनपद में बड़े पैमाने पर तिरंगा रैलियों का आयोजन किया जाएगा। रैलियों में विद्यार्थी, युवा, सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी, सशस्त्र बलों के सदस्य, महिला स्वयं सहायता समूहों तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तिरंगा लेकर प्रतिभाग करेंगे। रैली के आरंभ में ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। रैलियों के लिए उचित मार्ग योजना, प्रतिभागियों का पंजीकरण एवं स्वतंत्र सत्यापन के साथ सुरक्षा और अनुशासन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए सभी कार्यालयाध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष, एआरएम रोडवेज तथा उपायुक्त स्वतः रोजगार को जिम्मेदारी दी गई है।

           जनपद में तिरंगा कॉन्सर्ट का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें युद्धों में शहीद हुए सैनिकों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कॉन्सर्ट में तिरंगा गान, देशभक्ति के गीत, ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन तथा अन्य राष्ट्रभक्ति से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। स्कूल बैंड, पुलिस बैंड, आर्मी बैंड आदि द्वारा देशभक्ति गीतों की धुनों का वादन भी किया जाएगा। इसके आयोजन की जिम्मेदारी सभी कार्यालयाध्यक्षों को दी गई है।

           स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण तथा ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन सुनिश्चित किया जाएगा।

           अभियान के तहत जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे, बस अड्डे, सार्वजनिक उद्यान आदि में तिरंगा प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। यथासंभव इनका उद्घाटन गणमान्य व्यक्तियों द्वारा कराया जाएगा। प्रदर्शनी की रूपरेखा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा तैयार की गई है, जिसे हर घर तिरंगा पोर्टल https://harghartiranga.com/downloads से डाउनलोड किया जा सकता है। इस कार्य के लिए अधिशासी अभियंता नगर पालिका/नगर पंचायत, एआरएम रोडवेज तथा स्टेशन अधीक्षक, पूर्वाेत्तर रेलवे देवरिया को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

             अभियान के अंतर्गत प्रत्येक घर, कार्यालय, सार्वजनिक उद्यम एवं अन्य संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके लिए जिले में पर्याप्त संख्या में तिरंगे की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनके वितरण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्य की जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारियों, सभी अधिशासी अधिकारियों नगर पालिका/नगर पंचायत तथा शासकीय भवनों एवं संस्थानों के लिए संबंधित कार्यालयाध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष को दी गई है।

          इसी क्रम में सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा एवं अलंकरण कराया जाएगा। इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी, सभी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत तथा संबंधित कार्यालयाध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम आधारित रंगोली भी बनवाई जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को दी गई है।

        विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों को परिसर की दीवारों पर तिरंगा प्रेरित कलाकृतियां, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्र तथा ‘वंदे मातरम’ के अंश अंकित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

       हर घर तिरंगा अभियान-2026 का व्यापक प्रचार-प्रसार जिला प्रशासन, सभी विभागों एवं अन्य संस्थाओं की आधिकारिक वेबसाइट तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों एवं आमजन को डिजिटल अभियान में भाग लेने तथा ‘सेल्फी विद तिरंगा’ के तहत अपनी फोटो हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस कार्य की जिम्मेदारी जिला सूचना अधिकारी को दी गई है।

        विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। विद्यार्थी तिरंगे के साथ सेल्फी लेने के साथ ही ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन करते हुए फोटो एवं वीडियो तैयार कर हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। 

     उपरोक्त कार्यक्रम के ओवरऑल नोडल अधिकारी जिला अर्थ संख्याधिकारी को नामित किया गया है। 

          मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अभियान के सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा निर्धारित गतिविधियों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh