Latest News / ताज़ातरीन खबरें

इलाज के दौरान गर्भवती महिला की मौत, आक्रोशित परिजनों ने लगाया जाम

•झोलाछाप महिला डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप, क्लिनिक छोड़कर फरार हुई संचालिका; एसडीएम ने क्लिनिक किया सील

कादीपुर। क्षेत्र के मुस्तफाबाद सरैया बाजार में सोमवार को इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही स्वजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। लोगों ने कादीपुर-दोस्तपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही कादीपुर और दोस्तपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक ने संबंधित क्लिनिक को सील करा दिया।

मृतका की पहचान गुड़िया (28) पुत्री छोटेलाल निषाद के रूप में हुई है। बताया गया कि गुड़िया इन दिनों अपने पिता के घर आई हुई थी। परिवारीजनों के अनुसार वह करीब तीन माह की गर्भवती थी। उसका पांच वर्ष का एक बेटा भी है। परिजनों का कहना है कि वह दूसरा बच्चा नहीं चाहती थी और इसी कारण मुस्तफाबाद सरैया बाजार में बुआ नाम से चर्चित महिला से उपचार करा रही थी।

हालत बिगड़ने पर दोबारा पहुंची थी क्लिनिक

परिवारीजनों के मुताबिक उपचार के बाद गुड़िया की हालत बिगड़ने लगी थी। इसके बाद वह दोबारा उसी महिला के क्लिनिक पर इलाज के लिए पहुंची। आरोप है कि उपचार के दौरान उसकी हालत और गंभीर हो गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की जानकारी जैसे ही उसके स्वजन और ग्रामीणों को हुई, वे मौके पर पहुंच गए।

इलाज करने वाली महिला के कथित तौर पर क्लिनिक से चले जाने के बाद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने कादीपुर-दोस्तपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हो गया।

अधिकारियों ने संभाली स्थिति

जाम की सूचना पर कादीपुर और दोस्तपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित स्वजन और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक, क्षेत्राधिकारी विनय कुमार गौतम, कादीपुर थाना प्रभारी, दोस्तपुर थाना प्रभारी और अखंडनगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराने का प्रयास किया।

एसडीएम ने क्लिनिक कराया सील

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक ने संबंधित क्लिनिक को सील करा दिया। प्रशासन की कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद लोगों का आक्रोश कुछ कम हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में अवैध एवं बिना पर्याप्त चिकित्सकीय योग्यता के संचालित होने वाले क्लिनिकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh