बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को किया जागरूक, सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
घोसी।मऊ। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन एवं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवींद्रनाथ राय के कुशल नेतृत्व में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो स्क्वायड द्वारा रविवार को पीढ़वल गांव व सरायगणेश गांव में "बहू-बेटी सम्मेलन" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
सम्मेलन में महिला एसआई रिचा सोनी ने महिलाओं एवं छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि महिलाएं अपनी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी या छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को कभी भी नजरअंदाज न करें। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है। किसी भी समस्या की सूचना तत्काल हेल्पलाइन नंबरों या नजदीकी थाने पर दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
महिलाओं में आत्महत्या जैसी प्रवृत्तियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में घबराने के बजाय परिवार, समाज और पुलिस से संवाद स्थापित करें।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को 1090, 112, 181, 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर अपराध, डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर महिला कांस्टेबल रवीना, लता एवं संगीता, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, आशा बहुएं, सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं और युवतियां उपस्थित रहीं। सम्मेलन में महिलाओं ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं जिनके समाधान का पुलिस टीम ने भरोसा दिलाया।
























































Leave a comment