Crime News / आपराधिक ख़बरे

दस हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया लेखपाल भूमि की पैमाइश कराने के नाम पर मांगी थी रिश्वत, एंटी करप्शन ने ट्रैप कर आरोपी को किया गिरफ्तार

आजमगढ़। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन संगठन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लालगंज तहसील में तैनात एक लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। भूमि की पैमाइश कराने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया और शुक्रवार रात तरवां थाना क्षेत्र के परमानपुर बाजार में आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मेहनाजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जानकारी के अनुसार, तरवां क्षेत्र के काश्तकार धर्मेंद्र शर्मा उर्फ बबलू ने एंटी करप्शन थाना, आजमगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि लालगंज तहसील में तैनात लेखपाल संतलाल गौतम भूमि की पैमाइश कराने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर एंटी करप्शन टीम ने जिलाधिकारी से अनुमति प्राप्त की। इसके बाद दो स्वतंत्र सरकारी गवाहों की मौजूदगी में ट्रैप की पूरी योजना तैयार की गई। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता ने शुक्रवार रात करीब आठ बजे लेखपाल को परमानपुर बाजार स्थित एक चाय की दुकान पर बुलाकर रिश्वत की रकम सौंपी। रुपये हाथ में लेते ही पहले से सादी वर्दी में मौजूद एंटी करप्शन टीम ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपये के 20 नोट, कुल 10 हजार रुपये, बरामद किए गए। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक आनंद वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार लेखपाल संतलाल गौतम लालगंज तहसील में तैनात है और उसका कार्यक्षेत्र तरवां हल्का है। आरोपी के विरुद्ध मेहनाजपुर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh