Latest News / ताज़ातरीन खबरें

तीन बहनों ने एक युवक से की शादी एक के नाबालिग होने के दावे पर जांच शुरू

•पुलिस बोली—नाबालिग होने की पुष्टि पर होगी कानूनी कार्रवाई

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा में तीन बहनों द्वारा एक युवक से विवाह करने का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित विवाह के वीडियो के बाद तीनों में से एक लड़की के नाबालिग होने का दावा सामने आया है। इसके बाद बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है, जबकि पुलिस भी पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। हालांकि, यूथ इंडिया टाइम्स किसी भी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक गांव की दो सगी और एक मौसेरी बहन ने बीते 17 जुलाई को नगर के एक मंदिर में नजदीकी गांव के एक युवक से विवाह किया था। इस कथित विवाह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। बाद में एक अन्य वीडियो भी सामने आया, जिसमें तीनों युवतियां अपनी मर्जी से विवाह करने और उसके पीछे की वजह बताती नजर आईं। बताया जा रहा है कि तीनों बहनें यूट्यूब पर रील बनाती हैं और उनके चार लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं, जबकि युवक उनके वीडियो का कैमरा संचालन करता है। बताया गया कि गुरुवार को चारों लोग कोतवाली और बाद में क्षेत्राधिकारी (सीओ) कार्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने खुद को बालिग बताते हुए अपनी इच्छा से विवाह करने की बात कही थी। लेकिन शुक्रवार को मामले में नया मोड़ तब आया, जब बाल कल्याण समिति को एक युवती की हाईस्कूल की मार्कशीट प्राप्त हुई। दस्तावेज के आधार पर दावा किया गया कि उसकी उम्र करीब 15 वर्ष है। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अतुलेश भारद्वाज ने बताया कि मामले का संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया गया है और सभी संबंधित पक्षों को जांच के लिए तलब करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने कहा कि यदि जांच में किसी युवती के नाबालिग होने या किसी अन्य कानूनी उल्लंघन की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि युवक की उम्र और विवाह से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि विवाह के बाद से चारों अपने घर नहीं लौटे हैं और नगर के एक मोहल्ले में किराए के कमरे में रह रहे हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh