Latest News / ताज़ातरीन खबरें

जर्जर मकान की छत गिरने से छात्र की हुई मौत

•आईटीआई में प्रवेश की तैयारी कर रहा था सौरभ, इलाज में देरी और पुलिस कार्रवाई को लेकर लोगों में आक्रोश

आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय कस्बे के निजामाबाद मोड़ स्थित रामलीला मैदान के पास गुरुवार रात एक जर्जर मकान की छत गिरने से 20 वर्षीय छात्र सौरभ की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे में परिवार के अन्य सदस्य समय रहते बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और पुलिस की कार्रवाई को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। बिहार के बेगूसराय जनपद के लेधरा गांव निवासी सत्यनारायण साव परिवार सहित रानी की सराय में किराये के मकान में रहते हैं। गुरुवार रात मकान की तीसरी मंजिल की छत अचानक दूसरी मंजिल पर आ गिरी। तेज आवाज सुनकर परिवार के सभी सदस्य बाहर निकल आए, लेकिन सबसे छोटा बेटा सौरभ चारपाई पर मोबाइल चला रहा था और बाहर नहीं निकल सका। कुछ ही देर बाद दूसरी मंजिल की छत भी ढह गई, जिससे वह मलबे में दब गया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सौरभ को मलबे से बाहर निकाला। अंधेरा होने के कारण उसे खोजने में कठिनाई हुई और चारपाई का हिस्सा दिखाई देने के बाद उसे निकाला जा सका। एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने पर वहां रात में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन शव लेकर वापस रानी की सराय पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पहले उन्हें डायल-112 पर सूचना देने के लिए कहा गया। मौके पर पहुंची डायल-112 टीम ने संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस को सूचना दी। देर रात दो पुलिसकर्मी पंचनामा की कार्रवाई के लिए पहुंचे, जबकि उपनिरीक्षक करीब एक बजे मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के पिता सत्यनारायण साव ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बताया गया कि सौरभ ने दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और गुरुवार को ही आईटीआई में प्रवेश के लिए आवेदन पत्र लेकर आया था। वह एक बाइक मैकेनिक की दुकान पर भी काम करता था। तीन भाइयों में सबसे छोटे सौरभ की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जर्जर भवनों की अनदेखी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की अनुपस्थिति और पुलिस की विलंबित कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh