Latest News / ताज़ातरीन खबरें

40 वर्ष पुराने जर्जर उग्रसेन सेतु के समानांतर नए पुल का निर्माण कराया जाए : हृदय शंकर सिंह

देवरिया।राप्ती नदी पर रामजानकी मार्ग स्थित पटनाघाट–कपरवारघाट के उग्रसेन सेतु की जर्जर स्थिति को देखते हुए पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत पटना एवं जिला प्रभारी, प्रधान संगठन गोरखपुर हृदय शंकर सिंह ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार से पुल के समानांतर एक नए आधुनिक पुल के निर्माण की मांग की है।
उन्होंने कहा कि उग्रसेन सेतु का निर्माण वर्ष 1986 में तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीर बहादुर सिंह जी के कार्यकाल में हुआ था। उस समय यह मार्ग केवल दो जनपदों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाला सामान्य ग्रामीण मार्ग था। सड़क की चौड़ाई लगभग तीन मीटर थी और इस मार्ग से सीमित संख्या में छोटे मालवाहक वाहन, रोडवेज बसें तथा छह चक्का ट्रक ही गुजरते थे।
आज परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। इस उग्रसेन सिंह पुल के रास्ते राम जानकी मार्ग की कनेक्टिविटी अयोध्या- जनकपुर, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, लखनऊ-गोपालगंज फोरलेन,   वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन तथा अन्य प्रमुख संपर्क मार्गों के विकसित होने से इस मार्ग पर यातायात कई गुना बढ़ गया है। अब इस पुल से 16 चक्का, 18 चक्का ट्रक, भारी ट्रेलर,हाइवा और बड़े मालवाहक वाहन लगातार गुजरते हैं। पिछले 40 वर्षों में क्षेत्र की आबादी और वाहनों की संख्या में भी कई गुना वृद्धि हुई है,सड़क चौड़ीकरण द्वारा मीनी फोरलेन भी बन रहा है। ऐसे में अपनी निर्धारित आयु पूरी कर चुका यह पुल वर्तमान यातायात के दबाव को सुरक्षित ढंग से वहन करने में सक्षम नहीं रह गया है।
हाल ही में पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण इसकी मरम्मत कराकर आवागमन बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन मरम्मत स्थायी समाधान नहीं है। जनसुरक्षा और भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को देखते हुए पुल के समानांतर नया पुल बनाया जाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
       हृदय शंकर सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, उत्तर प्रदेश शासन तथा संबंधित विभागों से मांग की है कि उग्रसेन सेतु के समानांतर शीघ्र नया पुल स्वीकृत कर निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासी इस जनहित के मुद्दे को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं और यह मांग किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि लाखों नागरिकों की आवश्यकता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि  मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ जी महाराज,  विधायक चिल्लूपार  राजेश त्रिपाठी  तथा बांसगांव के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री  कमलेश पासवान , एमएलसी  देवेंद्र प्रताप सिंह , एमएलसी  सीपी  चंद जी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर सिंह  के प्रयासों से क्षेत्र को शीघ्र ही नए पुल की सौगात मिलेगी, जिससे पूर्वांचल के लाखों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh