विद्युत फाल्ट के दौरान जेई और लाइनमैन में मारपीट, कोतवाली पहुंचा दोनों पक्ष, दर्ज हुआ मुकदमा
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में विद्युत फाल्ट ठीक करने के दौरान 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कर्मचारियों के बीच विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले पक्ष की ओर से मातमपुर पावर हाउस में तैनात अवर अभियंता (जेई) दिलीप कुमार ने आरोप लगाया कि 22 जुलाई की रात जुनैदगंज चौराहे के आगे कोल्ड स्टोरेज के सामने 33 केवी लाइन का फाल्ट ठीक कराने के दौरान जुनैदगंज पावर हाउस के लाइनमैन वीरेन्द्र यादव ने उनके साथ गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया तथा प्लास और पेचकस से हमला कर मारपीट की। उन्होंने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। वहीं दूसरे पक्ष से जुनैदगंज पावर हाउस के लाइनमैन वीरेन्द्र यादव ने दर्ज कराई तहरीर में आरोप लगाया कि धर्मकांटा के पास उपभोक्ता की लाइन ठीक करने के दौरान मातमपुर पावर हाउस के जेई दिलीप कुमार, लाइनमैन योगेन्द्र यादव, राम मिलन मौर्य तथा दो अन्य लोगों ने 33 केवी लाइन ठीक करने के लिए दबाव बनाया। मना करने पर सभी ने रॉड, प्लास तथा लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उनके सिर और आंख में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने भी आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
























































Leave a comment