Latest News / ताज़ातरीन खबरें

"बूथ जीतो, चुनाव जीतो" का मंत्र देकर भाजपा ने भरा जोश, कादीपुर में 447 बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन संपन्न

•मुख्य अतिथि हरिओम मिश्रा बोले— बूथ अध्यक्ष ही संगठन की सबसे मजबूत कड़ी, विधायक राजेश गौतम ने किया सम्मानित; चुनाव प्रबंधन के दिए गुर

कादीपुर (सुलतानपुर)। आगामी चुनावों की तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा विधानसभा कादीपुर का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन नगर स्थित एक मैरिज लॉन में आयोजित किया गया। सम्मेलन में विधानसभा क्षेत्र के सभी 447 बूथ अध्यक्षों की सहभागिता रही। मुख्य अतिथि हरिओम मिश्रा ने बूथ अध्यक्षों में नई ऊर्जा का संचार करते हुए "बूथ जीतो, चुनाव जीतो" का मूल मंत्र दिया और कहा कि किसी भी चुनाव में जीत की मजबूत नींव बूथ स्तर पर ही तैयार होती है।

सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। मुख्य अतिथि हरिओम मिश्रा का विधायक राजेश गौतम ने अंगवस्त्र एवं भगवान हनुमान की प्रतिमा भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित बूथ कार्यकर्ता है। बूथ अध्यक्षों की सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता ही पार्टी को लगातार सफलता दिलाती रही है।

मुख्य अतिथि हरिओम मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को अपने बूथ को संगठन की सबसे मजबूत इकाई बनाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची के नियमित सत्यापन, नए मतदाताओं को जोड़ने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा प्रत्येक मतदाता से निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक बूथ मजबूत होगा तो विधानसभा और लोकसभा दोनों चुनावों में जीत सुनिश्चित होगी।

विधायक राजेश गौतम ने भी बूथ अध्यक्षों को चुनाव प्रबंधन के व्यावहारिक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल मतदान के दिन नहीं जीता जाता, बल्कि उसकी तैयारी वर्षों पहले बूथ स्तर पर शुरू होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति समर्पण और अनुशासन बनाए रखते हुए जनसंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया।

सम्मेलन का संयोजन भाजपा के जिला उपाध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने किया। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा प्रत्येक बूथ पर पार्टी की गतिविधियों को सक्रिय रखने का आग्रह किया। जिला मंत्री मनोज कुमार मौर्य ने सम्मेलन के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के सभी पांचों मंडलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे। इनमें कादीपुर मंडल के दरगाही निषाद, दोस्तपुर मंडल की विजय लक्ष्मी शुक्ला, राहुल नगर मंडल के प्रदीप मालवीय, अखंडनगर मंडल के दुष्यंत कुमार सिंह तथा करौंदीकला मंडल के बिक्की वर्मा शामिल रहे। सम्मेलन के दौरान बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने, आगामी चुनावों की रणनीति तथा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सम्मेलन के अंत में बूथ अध्यक्षों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh