Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़: मुबारकपुर में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र गिरोह का भंडाफोड़, नगर पालिका का आउटसोर्स कर्मचारी गिरफ्तार

आजमगढ़। मुबारकपुर नगर पालिका परिषद में फर्जी एवं कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर उनका दुरुपयोग करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मामले में नगर पालिका के एक आउटसोर्स कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के जन्म-मृत्यु प्रभारी रणविजय सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पता चला कि मोहम्मद सैफ के नाम से जारी किया गया जन्म प्रमाण पत्र पूरी तरह फर्जी था। यह प्रमाण पत्र नगर पालिका द्वारा जारी नहीं किया गया था, बल्कि उस पर कर्मचारी पूर्णमासी प्रसाद और अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मिश्रा के फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर लगाए गए थे।

 

विवेचना में सामने आया कि सऊदी अरब में रह रहे मोहम्मद नईम ने अपने पुत्र का राशन कार्ड एवं आधार कार्ड बनवाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र की आवश्यकता होने पर अपने भतीजे अब्दुल करीम को जिम्मेदारी दी। आरोप है कि अब्दुल करीम ने नगर पालिका के आउटसोर्स कर्मचारी खुर्शीद पुत्र जफर अहमद से संपर्क किया। खुर्शीद ने आवश्यक दस्तावेज और रुपये लेकर कथित रूप से फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर दिया। इस दौरान आसिफ जमाल और कासिफ मसूद की मौजूदगी की भी बात सामने आई है।

 

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान फर्जी प्रमाण पत्र बनाने से जुड़ी एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई, जिसमें आरोपी द्वारा अपनी गलती स्वीकार करने की बात कही जा रही है। आरोप है कि खुर्शीद अधिकारियों के फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर तैयार कर प्रमाण पत्र बनाता था, ताकि उनका उपयोग सरकारी अभिलेखों में कराया जा सके।

 

14 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर मुबारकपुर पुलिस ने रोडवेज तिराहे से आरोपी खुर्शीद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई है।

 

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh