Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: लालगंज तहसील में कथित फर्जी अधिवक्ता पकड़ा गया, बार एसोसिएशन ने पुलिस को सौंपी तहरीर

लालगंज (आजमगढ़)। स्थानीय तहसील परिसर में गुरुवार को अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता की वेशभूषा में कार्य कर रहे एक कथित फर्जी अधिवक्ता को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले को लेकर बार एसोसिएशन ने आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए देवगांव कोतवाली में तहरीर दी है।

 

तहसील परिसर में फर्जी अधिवक्ताओं और दलालों की बढ़ती सक्रियता को लेकर अधिवक्ताओं में लंबे समय से नाराजगी व्याप्त है। उनका आरोप है कि इस समस्या के प्रति स्थानीय प्रशासन अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

 

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नगेंद्र सिंह के अनुसार, तहसील परिसर में कई ऐसे लोग अधिवक्ता की वेशभूषा में घूमते हैं, जिनका पंजीकरण राज्य विधिज्ञ परिषद में नहीं है। उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों को पहले भी कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा। आरोप है कि वे अधिकारियों के कक्षों में बैठकर लोगों की पैरवी करने के साथ-साथ न्यायालयों की पत्रावलियों का भी अवलोकन करते हैं।

 

उन्होंने यह भी कहा कि जब बार एसोसिएशन के पदाधिकारी ऐसे व्यक्तियों से पूछताछ करते हैं तो वे संतोषजनक उत्तर देने के बजाय धमकी देने लगते हैं।

 

गुरुवार को तरवां थाना क्षेत्र के धोरियां गांव निवासी रविंद्र राजभर पुत्र रामबरन अधिवक्ता की वेशभूषा में तहसील परिसर में कार्य करते हुए मिले। संदेह होने पर अधिवक्ताओं ने उन्हें रोककर पूछताछ की। इस दौरान विवाद की स्थिति बनने पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने पुलिस को सूचना दी।

 

सूचना पर पहुंची पुलिस रविंद्र राजभर को हिरासत में लेकर देवगांव कोतवाली चली गई। बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए लिखित तहरीर भी पुलिस को सौंप दी है।

 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, तहसील परिसर में सक्रिय कथित फर्जी अधिवक्ताओं और दलालों पर अंकुश लगाने को लेकर बार एसोसिएशन एवं प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं। :::


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh