Accidental News / दुर्घटना की खबरें

आजमगढ़: फोरलेन पर अज्ञात वाहन की टक्कर से पूर्व चेयरमैन के मौसेरे भाई की मौत, दो गंभीर घायल

लालगंज, आजमगढ़। बुधवार देर रात फोरलेन पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालगंज नगर निवासी मनोज कुमार सोनकर (38) पुत्र मिठाई लाल सोनकर, नागेंद्र यादव (38) पुत्र बाबूलाल यादव तथा धर्मेंद्र सोनकर (43) पुत्र लौटन निवासी चंदवक, जनपद जौनपुर बुधवार को गंभीरपुर थाना क्षेत्र के उबारपुर गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात भोजन करने के बाद तीनों एक ही बाइक से वापस लालगंज लौट रहे थे।

बताया जाता है कि फोरलेन स्थित मसीरपुर के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक ट्रक चालक ने घायलों को सड़क पर पड़ा देखा और पास के ढाबा संचालक को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा तीनों घायलों को तत्काल सौ शैया अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने मनोज कुमार सोनकर को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल नागेंद्र यादव और धर्मेंद्र सोनकर का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि मृतक मनोज कुमार सोनकर पूर्व चेयरमैन विजय सोनकर के मौसेरे भाई थे, जबकि घायल धर्मेंद्र सोनकर उनके ममेरे भाई हैं। हादसे की खबर मिलते ही नगर में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लग गया। 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh