Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: स्वदेशी गाय पालने पर मिलेगा 80 हजार रुपये तक का अनुदान, 11 जून से ऑनलाइन आवेदन शुरू

आजमगढ़। मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत प्रदेश के पशुपालकों को उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों के पालन के लिए अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 जून 2026 से शुरू होकर 10 जुलाई 2026 तक चलेगी।

जिला समन्वयक, नन्द बाबा दुग्ध मिशन सुधाकर प्रसाद ने जनपद के इच्छुक पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों एवं कृषकों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि यह योजना प्रदेश के सभी 75 जनपदों में लागू की गई है।

योजना के अंतर्गत बाहरी राज्यों से गिर, साहीवाल, थारपारकर और हरियाणा नस्ल की उन्नत स्वदेशी गायों के क्रय पर अनुदान दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया में महिला दुग्ध उत्पादकों एवं गौपालकों को निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत आरक्षण भी प्रदान किया जाएगा।

योजना के अनुसार खरीदी जाने वाली गाय प्रथम अथवा द्वितीय ब्यॉत की होनी चाहिए। दो गायों की इकाई स्थापित करने पर कुल स्थापना लागत का 40 प्रतिशत अथवा अधिकतम 80,000 रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा।

जिला समन्वयक ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 11 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक नन्द बाबा दुग्ध मिशन के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं पात्रता की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी अथवा मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

सुधाकर प्रसाद ने कहा कि स्वदेशी गौपालन न केवल दुग्ध उत्पादन बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि और आर्थिक सशक्तीकरण का भी मजबूत आधार बन सकता है। उन्होंने किसानों एवं पशुपालकों से इस योजना का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाने की अपील की। :::


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh