स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर डीएम ने दिया जोर।
देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक कर विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री एवं एएनएम अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें तथा होम विजिट सुनिश्चित करें। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति (वीएचएसएनसी) के अंतर्गत आयोजित सत्रों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा उनमें सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अपने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करने तथा आशा, आंगनबाड़ी एवं एएनएम के कार्यों का प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश
दिया ।
आरबीएसके टीमों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें नियमित रूप से फील्ड भ्रमण करने तथा निर्धारित सत्रों में प्रतिभाग करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरबीएसके टीमों के प्रशिक्षण एवं क्षमता वृद्धि पर भी जोर दिया तथा आवश्यक संसाधनों एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अपने कार्यस्थल पर ही रात्रि निवास करने तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय न छोड़ने की हिदायद दी है। उन्होंने कहा कि ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के सत्रों में आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाए। जहां आवश्यकता हो, वहां ग्राम पंचायतों के रिवॉल्विंग फंड से उपकरणों की व्यवस्था कराई जाए।
बैठक में संस्थागत प्रसव एवं जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के अंतर्गत लंबित भुगतान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों के सभी लंबित भुगतान एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारीगण, डिप्टी सीएमओ, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
























































Leave a comment