विश्व पर्यावरण दिवस पर गूंजा ‘एक पेड़ मां के नाम’ का संकल्प, प्रभारी मंत्री ने किया वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ
। खुर्शीद क्लब परिसर में बेल का पौधा रोपकर शुरू किया अभियान, जिले में 5.94 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य; जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प ।
सुलतानपुर। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर शुक्रवार को जिले में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। खुर्शीद क्लब परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने बेल का पौधा रोपकर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद परिसर में आंवला, पीपल, बरगद, सीता अशोक, महोगनी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि पंकज पटेल, पुलिस अधीक्षक चारू निगम, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, बार एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश कुमार दुबे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
वृक्षारोपण के बाद आयोजित हस्ताक्षर अभियान में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी प्रतिभागियों ने हस्ताक्षर कर हरित भविष्य के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का वचन दिया।
प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर पूरे उत्तर प्रदेश में पांच करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि सुलतानपुर जनपद में 5 लाख 94 हजार पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसे सभी विभागों और आमजन के सहयोग से पूरा किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक परिवार कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए।
उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन की आधारशिला हैं। पीपल, बरगद, नीम और अन्य फलदार वृक्ष हमारी संस्कृति, स्वास्थ्य और प्राकृतिक संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऐसे पौधों का अधिकाधिक रोपण भावी पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्मृति चिह्न भेंट कर अतिथियों का सम्मान भी किया गया। जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री को चंदन का पौधा एवं विरासत वृक्ष का स्मृति चिह्न भेंट किया। वहीं मुख्य विकास अधिकारी ने भाजपा जिलाध्यक्ष को चंदन का पौधा और विरासत वृक्ष का चित्र प्रदान किया। सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के प्रभागीय निदेशक ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी को विरासत वृक्ष का चित्र स्मृति स्वरूप भेंट किया।
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वन प्रभाग ने बताया कि जनपद में ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, उद्यान, नगर विकास और अन्य विभागों के सहयोग से व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कर पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में प्रभागीय निदेशक ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और वृक्षारोपण को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का आह्वान किया गया।























































Leave a comment