Latest News / ताज़ातरीन खबरें

दोहरीघाट थाना के क्राइम इंस्पेक्टर का स्थानांतरण, मऊ कोतवाली में मिली नई जिम्मेदारी

घोसी।दोहरीघाट। दोहरीघाट थाने में अपराध निरीक्षक (क्राइम इंस्पेक्टर) के रूप में अपनी प्रभावी कार्यशैली, अनुशासन और अपराध नियंत्रण को लेकर अलग पहचान बनाने वाले निरीक्षक सुभाष यादव का स्थानांतरण मऊ कोतवाली में अपराध निरीक्षक के पद पर होने पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में लोगों ने उनको फूलमाला पहना कर विदाई दी।
दोहरीघाट थाने में अपने कार्यकाल के दौरान निरीक्षक सुभाष यादव ने कई महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों के सफल अनावरण में अहम भूमिका निभाई। अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा फरियादियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने की उनकी कार्यशैली की व्यापक सराहना होती रही। शांत स्वभाव, अनुशासित कार्यप्रणाली और टीम भावना के कारण उन्होंने पुलिस विभाग के साथ-साथ आमजन के बीच भी विशेष सम्मान अर्जित किया।
स्थानांतरण के अवसर पर दोहरीघाट थाने में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह सहित थाने के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निरीक्षक सुभाष यादव को माल्यार्पण कर सम्मानपूर्वक विदाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सहकर्मियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा निष्पक्षता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
विदाई समारोह भावुक माहौल में संपन्न हुआ, जहां पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बिताए गए अनुभव साझा किए। वहीं निरीक्षक सुभाष यादव ने भी दोहरीघाट में मिले सहयोग और स्नेह के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने नए कार्यस्थल पर भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
अब उनकी तैनाती मऊ कोतवाली में अपराध निरीक्षक के रूप में हुई है, जहां उनके अनुभव और कार्यकुशलता का लाभ जनपद मुख्यालय की पुलिस व्यवस्था को भी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh