Latest News / ताज़ातरीन खबरें

वाराणसी में शुरू हुई ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की दूसरी बैठक, सदस्य देशों ने साझा कीं प्राथमिकताएं

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शनिवार से ब्रिक्स (BRICS) संस्कृति कार्य समूह की दूसरी बैठक का शुभारंभ हुआ। बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सांस्कृतिक सहयोग और साझेदारी को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया।

उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल ने की। उन्होंने सदस्य देशों के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए सांस्कृतिक आदान-प्रदान, विरासत संरक्षण और रचनात्मक सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला।

बैठक में ब्राजील, चीन, इंडोनेशिया, ईरान, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधियों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया। वहीं इथियोपिया, मिस्र और रूस महासंघ के प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

बैठक के दौरान सदस्य देशों ने एजेंडा से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी प्राथमिकताएं और दृष्टिकोण साझा किए। चर्चा का मुख्य उद्देश्य ब्रिक्स देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग को और अधिक सशक्त बनाना, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को बढ़ावा देना तथा रचनात्मक उद्योगों के क्षेत्र में साझेदारी के नए अवसरों की तलाश करना रहा।

यह बैठक ब्रिक्स देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को नई दिशा देने और वैश्विक स्तर पर सांस्कृतिक संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh