Crime News / आपराधिक ख़बरे

दर्दनाक हादसा: सिलाई कर परिवार पालने वाले दलसिंगार राम की सड़क हादसे में मौत, तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रोहुआ मुस्तफाबाद निवासी दलसिंगार राम (50) पुत्र दुखीराम सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे साइकिल से गोसाई की बाजार स्थित अपनी सिलाई की दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नंद पेट्रोल पंप के पास NH-4 पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दलसिंगार राम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन अधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे के बाद कार चालक को वाहन सहित हिरासत में लेकर थाने लाया गया है।
बताया जा रहा है कि मृतक दलसिंगार राम गोसाई की बाजार में सिलाई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह चार पुत्रों के पिता थे, जिनमें बड़े पुत्र की शादी हो चुकी है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह उन्हीं के कंधों पर थी।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम का माहौल बन गया।
गंभीरपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि कार चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh