Latest News / ताज़ातरीन खबरें

मेडिकल कॉलेज जौनपुर में पहली बार सफल पेसमेकर प्रत्यारोपण, हृदय रोगियों को मिली बड़ी राहत

उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के कार्डियोलॉजी विभाग में पहली बार स्थायी पेसमेकर प्रत्यारोपण की सफल शुरुआत की गई है। इस उपलब्धि के साथ अब मेडिकल कॉलेज में हृदय रोगों के उन्नत उपचार की सुविधा औपचारिक रूप से शुरू हो गई है, जिससे जौनपुर सहित आसपास के जनपदों के मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।

जानकारी के अनुसार खुटहन क्षेत्र के 68 वर्षीय मरीज को गंभीर हृदय संबंधी समस्या के चलते भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि मरीज की हृदय गति अत्यंत धीमी एवं अनियमित हो रही थी, जिसके कारण स्थायी पेसमेकर प्रत्यारोपण आवश्यक हो गया।

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर आर. बी. कमल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर ए. ए. जाफरी तथा जनरल मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आनंद कुमार सिंह एवं उनकी टीम ने सफलतापूर्वक पेसमेकर प्रत्यारोपण किया।

ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय टीम ने पूरी सावधानी और कुशलता का परिचय दिया। वर्तमान में मरीज की स्थिति सामान्य एवं स्थिर बताई जा रही है तथा वह चिकित्सकीय निगरानी में है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानाचार्य प्रोफेसर आर. बी. कमल ने पूरी कार्डियोलॉजी टीम को बधाई देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज लगातार आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रहा है, ताकि जनपद के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इस सफल प्रक्रिया में डॉ. मोहम्मद शादाब, डॉ. सिद्धार्थ कुमार एवं अन्य सहायक कर्मचारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं पेसमेकर टेक्निकल टीम में अशोक यादव, कासिफ अहमद एवं विवेक का विशेष सहयोग रहा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh