कादीपुर में महाराणा प्रताप जयंती पर होगा भव्य आयोजन चीनी मिल तिराहे पर प्रतिमा का अनावरण, जूनियर हाई स्कूल प्रांगण में जुटेंगे हजारों लोग
कादीपुर सुलतानपुर।
वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महाराणा प्रताप सिंह की जयंती पर 9 मई को कादीपुर नगर पंचायत क्षेत्र ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनेगा। क्षत्रिय कल्याण परिषद के तत्वावधान में स्थानीय चीनी मिल तिराहे पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित कर उसका भव्य अनावरण किया जाएगा। इसके बाद मुख्य समारोह एवं जनसभा जूनियर हाई स्कूल प्रांगण में आयोजित होगी।
आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। नगर पंचायत समेत आसपास के गांवों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन स्थल पर मंच निर्माण, स्वागत द्वार, सजावट और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परिषद पदाधिकारियों का दावा है कि कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग शामिल होंगे।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महाराणा प्रताप ने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए जीवनभर संघर्ष किया। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने कभी मुगलों की अधीनता स्वीकार नहीं की। हल्दीघाटी का युद्ध उनके अदम्य साहस और वीरता का प्रतीक माना जाता है। उनका जीवन आज भी युवाओं को राष्ट्रभक्ति और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता है।
परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रतिमा स्थापना क्षेत्रवासियों की ओर से अपने महापुरुष को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी क्षुद्र मानसिकता के तहत कार्यक्रम या प्रतिमा स्थापना का विरोध करने का प्रयास किया गया तो सर्व समाज एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से उसका जवाब देगा।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह, एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक राजेश गौतम, नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल तथा प्रसिद्ध कथा वाचक शांतनु महाराज समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महाराणा प्रताप जयंती समारोह को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।
























































Leave a comment