Latest News / ताज़ातरीन खबरें

#आजमगढ़: 7.54 करोड़ की GST चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गैंग के 2 सदस्य पंजाब से गिरफ्तार

आजमगढ़ में साइबर सेल और थाना सिधारी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रुपये की जीएसटी आईटीसी (Input Tax Credit) चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब से गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत यह बड़ी सफलता हासिल हुई। अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) एवं नोडल अधिकारी साइबर क्राइम विवेक त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने पंजाब के गोबिंदगढ़ से विकास कुमार और बलजीत सिंह को धर दबोचा।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने संगठित सिंडीकेट बनाकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कई फर्जी फर्में खड़ी की थीं, जिनमें प्रमुख रूप से पंकज इंटरप्राइजेज, भोलानाथ इंटरप्राइजेज, शिवम ट्रेडर्स और वी.के. इंटरप्राइजेज शामिल हैं। इन फर्मों के जरिए उत्तर प्रदेश राज्य कर विभाग के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी कर 7.54 करोड़ रुपये की जीएसटी आईटीसी चोरी की जा रही थी।

विकास कुमार: फर्जी फर्म खोलने के लिए अपने दस्तावेज उपलब्ध कराता था।
बलजीत सिंह: कई सिम कार्ड उपलब्ध कराकर फर्जी कंपनियों के संचालन में मदद करता था। उसके मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कई कंपनियों को चलाने में किया गया।

विकास कुमार पुत्र वेद प्रकाश, निवासी खन्ना, लुधियाना (पंजाब)
बलजीत सिंह पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी फतेहगढ़ साहिब (पंजाब)
दोनों आरोपियों को 29 अप्रैल 2026 को फतेहगढ़ साहिब न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आजमगढ़ लाया गया है, जहां उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना सिधारी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस खुलासे से स्पष्ट है कि साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और आर्थिक अपराधों में लिप्त गिरोहों पर शिकंजा कसती जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh